जयपुर, 22 फरवरी। जलमहल की पाल पर रविवार को भारतीय वायु सेना की ओर से भव्य सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम का रोमांचक हवाई प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और तकनीकी कौशल की सराहना करते हुए कहा कि जयपुर की धरती पर इस तरह का आयोजन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आर्मी डे परेड के सफल आयोजन के बाद यह कार्यक्रम साबित करता है कि जयपुर राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए पूरी तरह सक्षम और तैयार है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेना का बढ़ा गौरव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेना का मान-सम्मान लगातार बढ़ा है। उन्होंने बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय वायु सेना ने अपने अद्भुत पराक्रम से दुनिया में भारत की ताकत का परिचय दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि वायु सेना केवल सीमाओं की सुरक्षा ही नहीं करती, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं और महामारी के दौरान भी लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनती है।

जयपुर के पायलटों ने बढ़ाया शहर का मान
मुख्यमंत्री ने बताया कि सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के तीन पायलट—विंग कमांडर राजेश काजला, विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ और स्क्वॉड्रन लीडर संजेश सिंह—जयपुर के निवासी हैं। इन पायलटों ने वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नागरिकों और सेना के बीच अटूट संबंध को मजबूत करते हैं और युवाओं को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
आसमान में दिखीं अद्भुत आकृतियां, गूंजा ‘खम्मा घणी’

सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने सारंग स्पिलिट, एरोहैड, डॉल्फिन लीप, लेवल क्रॉस, हाई स्पीड क्रॉस, क्रॉस ओवर ब्रेक, डायमंड और इन्वर्टेड वाइन ग्लास जैसी कई आकर्षक आकृतियां बनाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
वहीं सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम ने इन्वर्टेड रन, बैरल रोल, बॉम्ब बर्स्ट और डीएनए संरचना जैसी शानदार फॉर्मेशन पेश कीं। टीम ने आसमान में दिल की आकृति बनाकर जयपुरवासियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान कॉकपिट से ‘खम्मा घणी’ और ‘राम-राम सा’ का उद्घोष विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल तेजिंदर सिंह और सप्तशक्ति कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने जनसमूह के बीच जाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।




