धोरीमना जन आक्रोश रैली: सचिन पायलट बोले— सत्ता में आए तो सीमांकन का फैसला बदलेंगे

धोरीमना / बाड़मेर, 14 जनवरी।राजस्थान के बाड़मेर–बालोतरा जिले के सीमांकन फैसले के विरोध में पिछले 12 दिनों से जारी आंदोलन ने बुधवार को और तीव्र रूप ले लिया। धोरीमना कस्बे में कांग्रेस द्वारा आयोजित विशाल जन आक्रोश रैली में प्रदेश के शीर्ष कांग्रेस नेताओं ने शिरकत कर

EDITED BY: Mehra Rajesh Kumar

UPDATED: Wednesday, January 14, 2026

धोरीमना / बाड़मेर, 14 जनवरी।
राजस्थान के बाड़मेर–बालोतरा जिले के सीमांकन फैसले के विरोध में पिछले 12 दिनों से जारी आंदोलन ने बुधवार को और तीव्र रूप ले लिया। धोरीमना कस्बे में कांग्रेस द्वारा आयोजित विशाल जन आक्रोश रैली में प्रदेश के शीर्ष कांग्रेस नेताओं ने शिरकत कर भाजपा सरकार के फैसले के खिलाफ हुंकार भरी।

रैली में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सांसद उमेद राम बेनीवाल, विधायक हरीश चौधरी सहित राज्यभर से आए कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। रैली का नेतृत्व पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी ने किया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरे।

सीमांकन और पुनर्गठन पर भाजपा सरकार पर आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पंचायती राज और नगर निकाय पुनर्गठन में नियमों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से वार्डों का गठन किया है। उनका कहना था कि बाड़मेर और बालोतरा जिलों की सीमाओं में बदलाव केवल चुनावी लाभ के उद्देश्य से किया गया है।

नेताओं ने कहा कि भाजपा की यह रणनीति जनता समझ चुकी है और आने वाले पंचायती राज व नगर निकाय चुनावों में जनता इसका करारा जवाब देगी

“कांग्रेस की सरकार बनी तो फैसला बदलेगा”

रैली को संबोधित करते हुए सचिन पायलट और अन्य नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि 2028 में कांग्रेस की सरकार बनती है तो धोरीमना और गुड़ामालानी को दोबारा बाड़मेर जिले में शामिल किया जाएगा
कांग्रेस नेताओं ने आंदोलनरत हेमाराम चौधरी से आग्रह किया कि जनता के साथ इस आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाया जाए।

पैदल मार्च और ज्ञापन सौंपा

रैली के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धोरीमना कस्बे में पैदल मार्च निकाला और उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें जिलों के सीमांकन के फैसले पर तत्काल पुनर्विचार की मांग की गई।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

जन आक्रोश रैली को देखते हुए नेशनल हाईवे-68 पर यातायात डायवर्ट किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

इस दौरान विधायक समरजीत सिंह, रतन देवासी, पूर्व मंत्री साले मोहम्मद, पूर्व विधायक रूपाराम मेघवाल, पदमाराम मेघवाल और राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष निर्मल चौधरी सहित संभाग भर के कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।