लखनऊ/रामपुर: उत्तर प्रदेश में SIR प्रक्रिया के जरिए बड़े पैमाने पर वोट डकैती होने का आरोप लगाते हुए सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता संजय आज़ाद सिंह ने रामपुर से अमरोहा तक पदयात्रा निकालने का ऐलान किया है। यह पदयात्रा चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को उजागर करने के साथ-साथ जनता को जागरूक करने का अभियान होगी।
संजय आज़ाद ने कहा कि संविधान हर नागरिक को रोजगार, बराबरी और धर्मनिरपेक्षता का अधिकार देता है और पदयात्रा के दौरान इन विषयों पर विस्तृत चर्चा व संवाद किया जाएगा। उनका कहना है कि देश को संविधान के अनुसार चलना चाहिए, न कि किसी ‘बाबा’ या किसी व्यक्ति विशेष के फरमान से।
उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर लोगों के मताधिकार को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। पदयात्रा के माध्यम से वे लोगों से सीधे मिलकर उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।
संजय आज़ाद सिंह ने साफ कहा—
“यह देश संविधान से चलेगा, किसी बाबा के फरमान से नहीं।”
इस पदयात्रा में स्थानीय नागरिक, छात्र, किसान और सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल होने की संभावना है।





